कला, संस्कृति विभाग में भर्तियां, दर्जनों को मिला नियुक्ति पत्र, विजय सिंहा ने कर दी एक और बड़ी घोषणा

sweetysharma
549 Views
2 Min Read

बिहार: बिहार के सरकारी विभागों में भर्तियों (Recruits) को लेकर जारी अभियान के क्रम में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग (Art, Culture and Youth Department) में नियुक्तियां की गईं हैं। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिंहा (Deputy Chief Minister Vijay Kumar Sinha) ने सचिवालय स्थित विकास भवन में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के नवनियुक्त 37 जिला कला संस्कृति पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए। इस दौरान विभाग की अपर मुख्य सचिव हरजोत कौर, उप सचिव अनिल कुमार सिंहा, विशेष कार्य पदाधिकारी पुण्य तरु उपस्थित रहीं।

बिहार की कला एवं संस्कृति का काफी पुराना और समृद्ध इतिहास रहा है

उपमुख्यमंत्री विजय सिंहा ने कहा कि बिहार की कला एवं संस्कृति का काफी पुराना और समृद्ध इतिहास रहा है। सरकार कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। अगले वितीय वर्ष से लोक संगीत, लोक गीत, शास्त्रीय संगीत और गायन को बढ़ावा देने के लिए सभी जिलों में आम्रपाली केंद्र की स्थापना की जाएगी। बहुत जल्द विभाग द्वारा बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 भी लाई जाएगी।

बिहार की सांस्कृतिक धरोहर को और अधिक समृद्ध बना सके

अपर मुख्य सचिव हरजोत कौर ने चयनित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी। साथ ही कहा कि यह पहली बार है, जब कला संस्कृति एवं युवा विभाग को जिला स्तर पर कला संस्कृति पदाधिकारी का कैडर मिला है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा चयनित जिला कला संस्कृति पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिया गया। नृत्य, चाक्षुष कला और प्रदर्श कला या किसी कला में निपुण लोगों को कला एवं संस्कृति के पदाधिकारी बनने का मौका मिला है। विभाग का उद्देश्य है कि हमलोग बिहार की सांस्कृतिक धरोहर को और अधिक समृद्ध बना सके। हमारी जो विरासत लुप्त हो रही है, उसे बचा सके। मंच संचालन सोमा चक्रवर्ती ने किया।

Share This Article