बिहार में 9 जिलों में लू का रेड अलर्ट, 24 घंटे में 8 लोगों की मौत

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
712 Views
2 Min Read

बिहार में भीषण गर्मी से अभी तक लोगों को राहत नहीं मिली है। प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी है। लोग लू और हीटवेव से बेहाल हैं। बीते 24 घंटे में बिहार में लू से 8 लोगों की मौत हो गई। अरवल में लू लगने से 5 लोगों की जान चली गई। मरीजों को जब अस्पताल लाया गया तो डॉक्टर ने 3 को मृत घोषित कर दिया, वहीं 2 की इलाज के दौरान मौत हो गई। उधर, कैमूर में रिटायर्ड आर्मी जवान और जहानाबाद में एक मजदूर की मौत हो गई है। भोजपुर में पवना थाना क्षेत्र के पवना गांव निवासी शिव भजन नट (54) की लू से मौत हो गई। वो पेशे से पशु खरीद-बिक्री का काम करते थे।

बीते 24 घंटे में लगातार 5वें दिन रविवार को बक्सर जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र फिर कमजोर पड़ गया है। इसके कारण मानसून की बारिश दो से तीन देरी से शुरू होगी।

मौसम विभाग ने 9 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें नवादा, गया, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, बक्सर, भोजपुर और कैमूर शामिल है। इसके अलावा पटना, नालंदा, जमुई, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, सारण और शेखपुरा में भी लोग अधिक गर्मी महसूस करेंगे।

वहीं, राज्य के 9 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। इसमें पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, मधुबनी, सीतामढ़ी, किशनगंज, पूर्णिया, सुपौल, अररिया और कटिहार में हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटा रह सकती है।

रविवार को पटना समेत प्रदेश के 17 शहर भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहा। इसमें गया, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा, अरवल में भीषण गर्मी और छपरा, डेहरी, शेखपुरा, गोपालगंज, जमुई, बिक्रमगंज, मुंगेर लू की चपेट में रहा।

Share This Article