मोकामा टाल क्षेत्र में बुधवार की शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया था। मरांची थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव के दो युवक नाव डूबने के बाद करीब 10 घंटे तक पानी में फंसे रहे। लेकिन, गुरुवार की दोपहर सुरक्षित किनारे आ गए।
घर लौटने के दौरान हादसा
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बुधवार की शाम 7 बजे टाल क्षेत्र के त्रिमूहान से मोटरयुक्त नाव लेकर घर की ओर लौट रहे थे। कुछ दूर आगे बढ़ते ही नाव अचानक पानी में डूबने लगी।
युवकों ने अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी, लेकिन अगले ही मिनट फोन स्विच ऑफ हो गया और दोनों लापता हो गए।
पूरे टाल में कई फीट तक पानी
परिजनों ने तुरंत नाव लेकर खोजबीन शुरू की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन धनकडोभ और औंटा टाल के बीच बताई। पूरे टाल में कई फीट पानी जमा है। खोज अभियान पूरी रात चलता रहा।
पूरी रात में पानी में रहना पड़ा
इधर दोनों युवक बांस के खूंटे के सहारे पूरी रात पानी में टिके रहे। सुबह होते ही उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए नाव की लकड़ी तोड़ी। उसी के सहारे तैरना शुरू किया।
करीब 10 घंटे तक लगातार तैरने के बाद वे गुरुववार की दोपहर में किनारे पहुंचे। दोनों को जिंदा देखकर परिजनों और ग्रामीणों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
नाव में पानी भर गया था
शेरपुर निवासी अजय साहनी ने कहा कि वह त्रिमुहानी से मोटरवोट लेकर घर के लिए निकले थे। लेकिन चौहरमल पहुंचते ही तेज हवा चलने लगी। नाव में क्रेक हो गया। इसके बाद कई बार स्थिति संभालने और नाव को ठीक करने की कोशिश की। लेकिन थोड़ी दूर आगे बढने के बाद नाव में पानी भर गया।
नाव में रखी बांस के सहारे रात गुजारी। सुबह कोई भी उनकी मदद करने नहीं पहुंचा। खुद से किसी तरह पानी में तैरकर बाहर निकले।