बेउर जेल पहुंची CBI टीम, NEET मामले में आरोपियों से की पूछताछ

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
685 Views
2 Min Read

NEET यूजी पेपर लीक मामले की जांच कर रही CBI की टीम शनिवार को पटना के बेउर जेल पहुंची। पेपर लीक मामले में बंद 16 आरोपितों से गहन पूछताछ की। इस मामले में गिरफ्तार आरोपित मनीष प्रकाश, आशुतोष, चिंटू और मुकेश को भी CBI ने पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। दूसरी ओर, हजारीबाग से गिरफ्तार ओएसिस स्कूल के प्राचार्य एहसान उल हक, उप प्राचार्य इम्तियाज और पत्रकार जमालुद्दीन को शनिवार को CBI के विशेष न्यायिक दंडाधिकारी हर्षवर्धन सिंह की अदालत में पेश किया गया।

अदालत ने आरोपितों को न्यायिक हिरासत में लेते हुए आदर्श केंद्रीय कारा बेउर भेज दिया। साथ ही, अदालत ने तीनों आरोपितों को पांच दिनों के लिए CBI को आरोपितों से पूछताछ के लिए रिमांड पर देने का आदेश आदर्श केंद्रीय कारा बेउर जेल अधीक्षक को दिया है। रिमांड की अवधि 29 जून से चार जुलाई तक होगी। चार जुलाई को 11 बजे तक अदालत में तीनों आरोपितों को पेश करना होगा। इसके पूर्व तीनों की लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल, शास्त्रीनगर में मेडिकल जांच कराई गई।

बेउर जेल में बंद आरोपितों से पूछताछ के लिए CBI ने विशेष न्यायालय से अनुमति ले ली थी। कोर्ट की अनुमति के बाद जांच टीम के सदस्य बेउर जेल पहुंचे। इसके बाद बारी-बारी से आरोपितों से पूछताछ शुरू की। इस दौरान आरोपितों के वकील भी मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार, CBI ने इन आरोपितों से पेपर लीक के नेटवर्क के मुख्य आरोपी तक पहुंचने की कोशिश में हर तरह के सवाल किए। हालांकि अधिकांश आरोपियों ने मुख्य आरोपी की जगह संजीव मुखिया, सिंकदर प्रसाद यादवेंदु सहित दूसरे अन्य नाम लिए हैं।

Share This Article