सहरसा में अपराधियों ने पति-पत्नी पर चलाई गोली, खरीदारी कर घर लौट रहे थे

HD News Desk
387 Views
2 Min Read
अस्पताल में भर्ती हुई महिला।

सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल अंतर्गत बलवा हाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हथियारबंद अपराधियों ने एक दंपति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई, जिसे इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना चपराम और अंधेरी गांव के बीच की है। बताया जाता है कि सकरा पहाड़पुर निवासी चंदन यादव अपनी पत्नी मंजू देवी के साथ बलवा बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे तीन से चार की संख्या में अपराधियों ने उन्हें घेरकर गोलियां चला दीं।

पत्नी मंजू देवी को लगी दो गोली

फायरिंग में एक गोली चंदन यादव की पीठ को छूते हुए निकल गई, जबकि उनकी पत्नी मंजू देवी को दो गोलियां लगीं। एक गोली उनके दाहिने हाथ में लगी और दूसरी नाक को छूते हुए निकल गई। घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही बलवा हाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुरानी रंजिश का नतीजा

पीड़ित चंदन यादव ने बताया कि हमला पुरानी रंजिश का नतीजा है। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व गांव में हुई एक हत्या कांड में उन्हें आरोपी बनाया गया था। वे सात साल जेल की सजा काटकर हाल ही में बाहर आए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि उसी रंजिश को लेकर गांव के ही विकास यादव, अरुण यादव और सुकन यादव ने उन पर और उनकी पत्नी पर जानलेवा हमला किया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Share This Article