PM मोदी के मंत्री को बाइक पर बैठकर भागना पड़ा, जानें क्यों?

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
538 Views
2 Min Read

Begusarai News: बिहार के बेगूसराय में उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति बन गई, जब पीएम मोदी के मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह को विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध भी इस हद तक कि केंद्रीय मंत्री को बाइक पर बैठकर भागना पड़ गया। दरअसल स्वास्थ्यकर्मियों का आरोप है कि जब वे लोग गिरिराज सिंह के पास अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पहुंचे तो मंत्री अपनी गाड़ी छोड़कर बाइक से ही फरार हो गए। इसके आधे घंटे बाद पुलिस ने मंत्री का वाहन मुक्त कराया।

रविवार को गिरिराज सिंह, कुंदन सिंह और राजकुमार सिंह एक साथ डाक बंगला रोड स्थित उमर बालिका गर्ल्स स्कूल के पास पार्क के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे, इसी दौरान कैंटीन चौक के पास उनके घेराव का प्रयास किया गया। काफिले के नहीं रुकने पर दर्जनों एएनएम पैदल ही गर्ल्स स्कूल पहुंची और उन्होंने कार्यक्रम खत्म होते ही गिरिराज सिंह के वाहन को घेराव कर जमकर हंगामा शुरू कर दिया। इसके अलावा संविदा पर बहाल स्वास्थ्य कर्मियों ने केंद्रीय मंत्री को अपनी 12 सूत्री मांगों से अवगत कराया और जब वे गिरिराज सिंह को अपना मांग पत्र सौंपने की कोशिश करने लगे तो स्थिति आउट ऑफ कंट्रोल हो गई। इसे देख गिरिराज सिंह कार छोड़कर बाइक पर बैठकर भाग गए।

पिछले 22 जुलाई से बिहार चिकित्सा स्वास्थ्य कर्मी संघ के बैनर तले दर्जनों एएनएम कार्य बहिष्कार पर हैं, उन लोगों की 12 सूत्री मांगों में सबसे प्रमुख समान काम के लिए समान वेतन की मांग है। कर्मियों का आरोप है कि जिला प्रशासन और सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहे। एक ही काम के लिए कुछ कर्मियों को अस्सी हजार से एक लाख तक वेतन दिया जाता है, जबकि उन्हें महज दस से पंद्रह हजार रुपए में सुबह नौ बजे से शाम पांच तक काम करना पड़ता है।

Share This Article