पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से कोच अटेंडेंट को अपराधियों ने जबरन उतारा, चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी थी

HD News Desk
346 Views
2 Min Read

पूर्व मध्य रेल के पटना-मोकामा रेलखंड पर शुक्रवार दोपहर आपराधिक घटना सामने आई। हटिया से पटना आ रही ट्रेन संख्या 18622 पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में बी-2 कोच के अटेंडेंट को चेन पुलिंग कर जबरन ट्रेन से उतार लिया गया। घटना बाढ़ रेलवे स्टेशन के पास शहरी हाल्ट के नजदीक हुई।

कोच अटेंडेंट ने शराब तस्करी की जानकारी दी थी

सूत्रों के अनुसार यह हमला सुनियोजित था। इसके पीछे शराब तस्करों का हाथ हो सकता है। कुछ दिन पहले इसी कोच अटेंडेंट ने शराब तस्करी से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचना रेल पुलिस को दी थी, जिसके बाद तस्करों का बड़ा नेटवर्क बेनकाब हुआ था।

इसी का बदला लेने के लिए संभवतः तस्करों ने ट्रेन को अवैध रूप से लाल सिग्नल कर रुकवाया और अटेंडेंट को नीचे उतार लिया।

रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने छेड़ा सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद पूर्वी क्षेत्र के डीएसपी के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने संयुक्त अभियान शुरू किया। आसपास के क्षेत्रों में तलाशी ली जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, एक दर्जन से अधिक गाड़ियों के साथ पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और कोच अटेंडेंट की तलाश जारी है।

 शराब माफियाओं का गढ़ माना जाता है बाढ़ का शहरी हाल्ट
स्थानीय लोगों के अनुसार, शहरी हाल्ट शराब तस्करों और माफियाओं की गतिविधियों का पुराना अड्डा रहा है। यही वजह है कि घटना के तार भी इसी नेटवर्क से जुड़े माने जा रहे हैं।

फिलहाल खबर लिखे जाने तक कोच अटेंडेंट का सुराग नहीं मिला था। रेलवे और जिला पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त जांच कर रही है।

Share This Article