Weather News : झारखंड में गर्मी का रेड अलर्ट: अगले 3 दिनों तक राहत नहीं…

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
1.7k Views
3 Min Read

झारखंड: राज्य में गर्मी को लेकर मौसम विभाग ने आज 6 जगहों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। जिन इलाकों मे आज रेड अलर्ट जारी है उनमें गढ़वा, पलामू, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसांवा का इलाका है। इसके अलावा झारखंड के उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी भाग में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों मे भीषण हीटवेव का खतरा है जिससे सतर्क रहने की अपील की गई है।

इन जगहों पर ऑरेंज जारी

इसके साथ ही कुछ जगहों पर ऑरेंज जारी किया गया है। ऑरेंज अलर्ट चतरा, लातेहार में है जबकि राज्य के दूसरे हिस्से में यलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार रहने की संभावना है। जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास होगा। इधर, मौसम विभाग ने साहेबगंज और पाकुड़ के इलाके में बारिश की संभावना जाहिर की है। राज्य के दक्षिण और मध्य भाग में भी बारिश की संभावना है।

कैसा रहा मौसम

राज्य में पिछले 24 घंटे में कई जगहों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई है। सबसे अधिक बारिश 5.0एमएम सिमडेगा के बानो इलाके में हुई है। राज्य के कई हिस्सों में हीटवेव का असर रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान गढ़वा में 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में सबसे कम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

ज्यादातर जिले हीटवेव की चपेट में

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि राज्य के ज्यादातर हिस्से हीट वेव की चपेट में है। लोगों से अपील है कि सतर्क रहें। रांची का तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस, डाल्टेनगंज और सरायकेला खरसांवा के इलाके में तापमान अधिक है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में पारा 40 के आंकड़े को पार कर रहा है। आज और कल कोल्हान के इलाके में अलर्ट है। साहिबगंज और पाकुड़ को छोड़कर हीटवेव चलेगी।

14 जून के बाद राहत की संभावना

अभिषेक आनंद ने कहा, 14 जून के बाद थोड़ी राहत रहेगी लेकिन तापमान में ज्यादा कमी नहीं होगी। कोल्हान के इलाके में इस दिन भी रेड अलर्ट रहेगा। 14 के बाद पूर्वी और दक्षिणी इलाके में दोपहर के बाद मौसम बदल सकता है। पूर्वी और मध्य भाग में थोड़ी राहत मिल सकती है। 15 तारीख के बाद मौसम की स्थिति बन रही है। अभी मानसून के आने से पहले सतर्क रहना है। अगर बाहर निकल रहे हैं तो अपना विशेष ध्यान रखें।

Share This Article