श्रृष्टि चिरानिया हर साल कमाएंगी 1.23 करोड़ रुपये, जानें कैसे..

Prashant Kumar
By Prashant Kumar - Content Editor
3.3k Views
3 Min Read

Success Story: जमशेदपुर की नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) की छात्रा श्रृष्टि चिरानिया अब 1.23 करोड़ रुपये कमाएंगी, दरअसल श्रृष्टि को अमेरिकी सॉफ्टवेयर कंपनी रूबरिक ने ये बंपर पैकेज दिया है। ये पहला मौका है जब NIT जमशेदपुर के किसी छात्र को एक करोड़ से अधिक का पैकेज मिला है। रूबरिक एक अमेरिकी क्लाउड डेटा प्रबंधन और डेटा सुरक्षा कंपनी है, जो बेंगलुरु से भी काम करती है। फिलहाल एक करोड़ से अधिक का पैकेज मिलने के बाद श्रृष्टि और उनके परिवार वालों में खुशी का लहर है।

श्रृष्टि मूल रूप से बिहार के भागलपुर के नवगछिया की रहने वाली हैं और वे NIT जमशेदपुर से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में पढ़ाई कर रही हैं। श्रृष्टि के पिता गोपाल चिरानिया और मां ममता चिरानिया अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर बेहद गर्व कर रहे हैं। श्रृष्टि की मां ममता चिरानिया ने बताया कि बेटी की सफलता से वह काफी खुश हैं। वहीं NIT जमशेदपुर के निदेशक प्रो गौतम सूत्रधार ने बताया कि सबसे अधिक पैकेज के मामले में एक करोड़ से अधिक का सालाना पैकेज संस्थान के लिए नया कीर्तिमान है। अब हम शत प्रतिशत प्लेसमेंट की ओर बढ़ रहे हैं।

श्रृष्टि के अलावा ऑस्ट्रेलिया की एक और कंपनी एटलशियन ने NIT जमशेदपुर के छह छात्रों को 82 लाख रुपये सालाना का पैकेज दिया है। इस साल NIT जमशेदपुर के छात्रों को औसतन 12.63 लाख रुपये सालाना का पैकेज मिला है। 311 छात्रों को 10 लाख रुपये से अधिक, 70 छात्रों को 20 लाख से अधिक, 37 छात्रों को 30 लाख और 11 छात्रों को 50 लाख रुपये से अधिक के ऑफर मिले हैं। NIT जमशेदपुर के प्लेसमेंट के आंकड़े इस साल काफी शानदार रहे हैं। कुल 673 छात्रों ने प्लेसमेंट के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 631 छात्रों को नौकरियां मिली हैं। यानी 93.76 प्रतिशत छात्रों को प्लेसमेंट मिला है।

कैंपस प्लेसमेंट के लिए आने वाली कंपनियों में अमेजन, ओरेकल, एटलसियन, सैमसंग, इंटुइट, टाटा स्टील और कई टाटा की सहायक कंपनियां, फ्लिपकार्ट, निन्जाकार्ट, शलम्बरगर, क्वालकॉम, L&T, डेलॉइट, KPMG, गोल्डमैन सैक्स, एक्सॉनमोबिल, BPCL, मेकॉन, HSBC, HDFC, ICICI बैंक, आदित्य बिड़ला ग्रुप, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, अदानी पॉवर्स, वेदांता आदि शामिल थीं।

Share This Article